सकारात्मकता से भरपूर
जीवन: एक मजदूर
की मुस्कान में
छुपा संदेश
ज़िंदगी की आपाधापी,
बढ़ती जिम्मेदारियों और
भविष्य की चिंता
में उलझे हम सब कहीं
न कहीं मुस्कुराना
भूल गए हैं। हम छोटे-छोटे तनावों
में उलझकर जीना
छोड़ देते हैं
और हर दिन एक बोझ
की तरह ढोते
हैं। लेकिन क्या
वाकई हर कठिनाई
में मुस्कुराना संभव
नहीं? क्या संघर्षों
में भी जीवन के रंग
ढूंढे जा सकते हैं? इसका
उत्तर मुझे मेरे
घर पर चल रहे निर्माण
कार्य के दौरान
मिला—एक मज़दूर
की मुस्कान में।
मेरे घर में
मरम्मत का काम चल रहा
था। कुछ दिन मजदूरों की आवाजाही
लगी रही। उनके
काम की कठोरता
को देखकर मन
में हमेशा एक
सहानुभूति सी उपजती
थी, लेकिन इस
बार कुछ अलग था। मैंने
गौर किया कि वे लोग
न केवल मेहनत
कर रहे थे, बल्कि पूरे
उत्साह के साथ काम कर
रहे थे। उनके
पास संसाधन कम
थे, दिनभर धूल-मिट्टी और
गर्मी से भरा माहौल था,
फिर भी उनकी बातचीत में
हंसी की खनक थी। वे
आपस में मज़ाक
करते, गाने गाते,
और जैसे-जैसे
दीवारें बनती जातीं,
उनके चेहरों पर
संतोष और मुस्कान
भी गहराती जाती।
मैं सोच में
पड़ गई — हम,
जो अपेक्षाकृत सुविधा
सम्पन्न हैं, थोड़ी
सी असुविधा में
ही अपना मानसिक
संतुलन खो देते हैं। हम
चिंता, क्रोध, और
नकारात्मक विचारों से घिरे रहते हैं।
वहीं दूसरी ओर,
ये मजदूर जो
शायद दो वक़्त
की रोटी के लिए संघर्ष
कर रहे हैं,
फिर भी जिंदगी
को पूरी ऊर्जा
और सकारात्मकता से
जी रहे हैं।
यह अनुभव मेरे
लिए एक सीख बन गया।
हमें जीवन से
भागने की नहीं,
उसे जीने की कला सीखनी
चाहिए। जब समस्याएँ
आएँ, तब यह याद रखना
चाहिए कि समाधान
भी उसी ज़िंदगी
में छिपा है।
यदि ये मजदूर
बिना शिकायत के,
कठिन हालात में
भी खुशी ढूंढ
सकते हैं, तो क्या हम
थोड़ा कम तनाव में जीने
की कोशिश नहीं
कर सकते?
अंततः यही कहूँगी
—
ज़िंदगी कठिन है,
लेकिन उसे मुस्कुराकर
जीना एक कला है।
वो कला जो
हमारे पास भी हो सकती
है, बस थोड़ा
नजरिया बदलने की
देर है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें