बुजुर्गो के साथ समय की सार्थकता
“जो पेड़ की छांव में बैठकर हमें सुकून मिला, आज वही छांव बुज़ुर्ग बनकर हमें पुकार रही है…”
वो जो हमारे पास हैं...कुछ समय के लिए ही सही, मगर सबसे खास हैं – हमारे बुज़ुर्ग
हम भागते हैं, दौड़ते हैं, सब कुछ पाने की होड़ में लगे रहते हैं। लेकिन क्या कभी रुककर हमने देखा है – हमारे घर के एक कोने में बैठी वो शांत सी मुस्कान, जो कभी हमारी सारी ज़िंदगी की भागदौड़ की वजह रही थी?
हाँ, मैं बात कर रही हूँ घर के बुज़ुर्गों की।
वो जो हमें गोदी में झुलाते थे...
वो जो बिना थके हमारे लिए कहानियाँ सुनाते थे...
वो जिनके अनुभव किसी किताब से कम नहीं...
आज वही बुज़ुर्ग चुपचाप हमारी व्यस्त दुनिया में एक कोने में बैठे होते हैं।
उनके पास अब ज्यादा समय नहीं है, लेकिन हमारे पास भी शायद कम ध्यान है।
हम यह भूल जाते हैं कि उनका जीवन का सूरज अब ढलान की ओर है – और यह समय, जो उनके साथ है, अमूल्य है।
आज अगर हम उनके पास बैठते हैं, उनका हाथ थामते हैं, उन्हें सुनते हैं — तो हम उन्हें नहीं, बल्कि खुद को संवार रहे होते हैं। क्योंकि उनका स्नेह, उनकी बातें, उनके आशीर्वाद ही हैं जो हमें भीतर से मजबूत बनाते हैं।
उनकी आँखों में सिर्फ एक ही बात होती है — "थोड़ा समय दो बेटा, बस थोड़ा।"
लेकिन हम… हम कभी वक्त के पीछे भागते हैं, कभी मोबाइल स्क्रीन में खो जाते हैं, कभी ऑफिस की थकान का बहाना बना लेते हैं।
और फिर…
एक दिन वो चुपचाप चले जाते हैं।
हमारी आँखें भर आती हैं, और दिल बार-बार कहता है —
"काश! थोड़ा और समय दे दिया होता…"
पर अब वो वापस नहीं आते। बस यादें रह जाती हैं।
उनके जाने के बाद ही एहसास होता है कि
हम जिनके पास सबसे ज़्यादा वक्त बिताना चाहते थे, उन्हें ही सबसे कम वक्त दिया।
और यह पछतावा… ताउम्र साथ रहता है।
अंत में… एक छोटी सी अपील
आज ही अपने घर के किसी बुज़ुर्ग के पास बैठिए।
उनकी आँखों में देखिए, उनके दिल की सुनिए।
क्योंकि वो हमारे पास हमेशा नहीं रहेंगे — लेकिन जब तक हैं, तब तक हमारे जीवन का सबसे कीमती हिस्सा हैं।
क्या आपने भी कुछ ऐसा अनुभव किया है?
क्या कभी किसी बुज़ुर्ग की आँखों में छिपे एहसास को पढ़ने का मौका मिला है?
अगर हाँ, तो अपने अनुभव मुझे कमेंट में ज़रूर बताइए।
आपकी एक छोटी सी बात, किसी और को बहुत बड़ा संदेश दे सकती है।
मैं आपके विचारों का इंतज़ार करूँगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें